छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार पर ब्रेक,लेकिन 22 जिलों में यलो अलर्ट
रायपुर | संवाददाता : छत्तीसगढ़ में मानसून की चाल इस बार थोड़ी धीमी हो गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, सिनॉप्टिक सिस्टम में हुए बदलाव की वजह से राज्य में अगले दो दिन तक मौसम शुष्क रहने वाला है.
हालांकि, कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जरूर बनी हुई है, लेकिन अधिकांश जिलों में गर्मी और उमस का असर बना रहेगा.
बारिश नहीं होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी का असर और तेज़ होगा. विशेषकर मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में दिन का तापमान बढ़ सकता है.
मौसम विभाग ने मंगलवार को रायपुर, जशपुर समेत 22 जिलों में थंडरस्टॉर्म का यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
अलर्ट वाले प्रमुख जिले
रायपुर
जशपुर
महासमुंद
बलौदाबाजार
धमतरी
गरियाबंद
रायगढ़
बिलासपुर
कोरबा
सरगुजा
बिलासपुर बना सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटों में बिलासपुर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4°C रिकॉर्ड किया गया. लगातार गर्म हवाएं और तेज धूप के चलते यहां जनजीवन प्रभावित हुआ.