मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में बंदरों का आतंक: छिनैती और हमले से दहशत में ग्रामीण
मनेन्द्रगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में इंसानों और जंगली बंदरों के बीच बढ़ता संघर्ष अब खतरनाक रूप ले चुका है. चिरमिरी नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 9 स्थित गेल्हापानी क्षेत्र में बंदरों के भारी उपद्रव से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है.
आसपास के जंगलों से निकलकर 100 से 150 बंदरों के बड़े-बड़े झुंड रोजाना आवासीय कॉलोनियों और बाजारों में धावा बोल रहे हैं. बंदर न केवल घरों में घुसकर रसोई में रखा खाना साफ कर रहे हैं, बल्कि दुकानों में भी तोड़फोड़ मचाकर सामान छीन ले जा रहे हैं.
स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का अकेले बाहर निकलना दूभर हो गया है. सड़कों से गुजरने वाले बच्चों पर हमला कर बंदर सामान छीन रहे हैं, वहीं आए दिन लोगों को काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं.
व्यापारी अपनी दुकानों की सुरक्षा के लिए हाथों में लाठी-डंडे रखने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें व्यापारिक और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.
स्थानीय निवासी विक्की अहमद और हर्ष गोयल का कहना है कि घरों के दरवाजे और खिड़कियां हर समय बंद रखनी पड़ रही हैं. इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला.
ग्रामीणों ने बंदरों को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित पकड़कर किसी सुदूर जंगल में छोड़ने की मांग की है. वहीं, चिरमिरी के वन परिक्षेत्र अधिकारी टीकम सिंह ने बताया कि टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया है और बंदरों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, जिसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.