MGNREGA को खत्म कर गरीबों का रोजगार छीन रही है मोदी सरकार- कांग्रेस
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र की मोदी सरकार पर देश के गरीबों की 'लाइफलाइन' मानी जाने वाली महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA) को तबाह करने का गंभीर आरोप लगाया है. पार्टी का कहना है कि सरकार की असल नीति गरीबों के मुंह से आखिरी निवाला छीनकर क्रोनी पूंजीपतियों की तिजोरियां भरना है.
कांग्रेस के महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर बलिया जिले से जुड़ी एक मीडिया रिपोर्ट साझा करते हुए लिखा कि 'विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' यानी VB-G RAM G के लागू होने के बाद से ग्रामीण मजदूर इससे हताश हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि संसद में बीजेपी ने बड़े-बड़े भाषण दिए थे, लेकिन धरातल पर ये दावे पूरी तरह से खोखले साबित हो रहे हैं.
जयराम रमेश ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि यूपी के बलिया में 1.76 लाख मानव-दिवस काम के लक्ष्य के मुकाबले दो महीनों में केवल 10,669 दिन का काम ही दिया जा सका है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थिति केवल एक जिले की नहीं, बल्कि देश के हर हिस्से की है. नए कानून के जरिए कांग्रेस द्वारा दिए गए रोजगार के कानूनी अधिकार को जानबूझकर खत्म किया गया है.
गौरतलब है कि दो दशक पुराने मनरेगा कानून को बदलकर 1 जुलाई से 'VB-G RAM G' कानून लागू किया गया है. कांग्रेस इस नए कानून का लगातार विरोध कर रही है और इसे निरस्त कर पुराने मजबूत मनरेगा को वापस लाने की मांग उठा रही है. पार्टी का कहना है कि मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी को अनूप सतपथी समिति की सिफारिशों के आधार पर तय किया जाना चाहिए.