छत्तीसगढ़ के बस्तर में नीट री-एग्जाम को लेकर मॉक ड्रिल
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET री-एग्जाम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक ने जगदलपुर में बनाए गए चारों परीक्षा केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखने के लिए मॉक ड्रिल भी कराई.
जगदलपुर में परीक्षा के लिए चार केंद्र शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय पीजी कॉलेज, महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल और बस्तर हायर सेकेंडरी स्कूल को चुना गया है. इस बार सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और फ्रिस्किंग की सख्त व्यवस्था की गई है. साथ ही परीक्षा के दौरान बिजली गुल होने की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त जनरेटरों का इंतजाम किया गया है. परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं.
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए इस बार कड़े प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं. सभी प्रश्नपत्रों को सिटी कोतवाली में सुरक्षित रखा गया है, जिन्हें परीक्षा के दिन पैरामिलिट्री फोर्स की कड़ी निगरानी में सुरक्षा वाहनों से केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा.
इस री-एग्जाम में बस्तर जिले से कुल 1467 परीक्षार्थी शामिल होने जा रहे हैं. गौरतलब है कि साल 2024 की NEET-UG परीक्षा में लगे पेपर लीक के आरोपों के बाद देशभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े कदम उठाए गए हैं. प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से बिना किसी तनाव के और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है