छत्तीसगढ़ के मजदूर की मॉब लिंचिंग: केरल सरकार देगी 10 लाख
तिरुवनंतपुरम । डेस्क: केरल के पलक्कड़ जिले में बांग्लादेशी होने के संदेह में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मार डाले गए छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर राम नारायण के परिवार को राज्य सरकार ने हर संभव सुरक्षा और सहायता देने का भरोसा दिया है. सोमवार को राजस्व मंत्री के. राजन ने घोषणा की कि सरकार पीड़ित परिवार को कम से कम 10 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करेगी.
मंत्री और त्रिशूर जिला प्रशासन के साथ हुई चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया. राम नारायण का पार्थिव शरीर सरकारी खर्च पर उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा और उनके परिवार के सदस्यों को भी विमान से वापस ले जाया जाएगा.
यह दुखद घटना बुधवार शाम पलक्कड़ के वालयार में हुई, जहां भीड़ ने राम नारायण को पकड़कर बेरहमी से पीटा, जिसके बाद उनकी मौत हो गई. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित के पास से चोरी का कोई सबूत नहीं मिला है.
इस मामले में पुलिस ने अब तक 15 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें से पांच को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है. मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस घटना को "बेहद परेशान करने वाला" बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
मामले में राजनीतिक घमासान भी तेज हो गया है. स्थानीय निकाय मंत्री एम.बी. राजेश और माकपा राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन ने आरोप लगाया कि हमलावर आरएसएस-भाजपा से जुड़े थे और उन्होंने पीड़ित के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करते हुए उसे 'बांग्लादेशी' बताया था.
वहीं, भाजपा नेता कुम्मनम राजशेखरन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अपराध में राजनीति नहीं मिलानी चाहिए. फिलहाल पुलिस मामले में हत्या की धाराओं के साथ-साथ एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम जोड़ने की प्रक्रिया में है, जिसकी मांग पीड़ित परिवार ने भी की है.