कोल्हापुर की लापता युवती छत्तीसगढ़ में मिली, पुलिस टीम रवाना
कोल्हापुर । डेस्क: महाराष्ट्र के कोल्हापुर से पांच दिन पहले लापता हुई 19 वर्षीय युवती को पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल ट्रैकिंग की मदद से छत्तीसगढ़ में ढूंढ निकाला है. इस मामले में पुलिस ने उचगांव-मानेर माला क्षेत्र के एक युवक को भी चिन्हित किया है, जिस पर शादी का झांसा देकर युवती को ले जाने का आरोप है.
शाहूपुरी पुलिस स्टेशन के निरीक्षक संतोष डोके ने पुष्टि की है कि 22 मार्च को एक विशेष टीम छत्तीसगढ़ के लिए रवाना कर दी गई है और अगले दो दिनों के भीतर युवती को वापस लाकर उसके परिवार को सौंप दिया जाएगा.
गौरतलब है कि 18 मार्च से लापता इस युवती का सुराग न मिलने पर कोल्हापुर में भारी तनाव व्याप्त हो गया था.
21 मार्च को लगभग 300 से 400 लोगों ने शाहूपुरी थाने के बाहर उग्र प्रदर्शन किया था और रविवार रात तक युवती का पता न चलने पर 'कोल्हापुर बंद' की चेतावनी दी थी.
इस घटना के सांप्रदायिक मोड़ लेने की आशंका और सोशल मीडिया पर बढ़ती उत्तेजना के बीच पुलिस की इस सफलता ने शहर में शांति बहाल करने में बड़ी भूमिका निभाई है.
फिलहाल पुलिस छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ समन्वय कर रही है और युवक को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में है.