हैदराबाद में छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
हैदराबाद । डेस्क: हैदराबाद के इब्राहिमपटनम इलाके में शेरगुडा स्थित अपने मकान में एक 24 वर्षीय प्रवासी मजदूर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया. मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी बीरेंद्र कुमार ध्रुव (पिता विशाल ध्रुव) के रूप में हुई है, जो यहां रहकर मजदूरी का काम करता था.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की सुबह बीरेंद्र का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक मुद्दों को लेकर विवाद हुआ था. झगड़े के बाद उसने खुद को घर के एक कमरे में बंद कर लिया और अंदर से कोई जवाब नहीं दिया. परिजनों और आसपास के लोगों द्वारा आवाज देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई.
सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिलते ही इब्राहिमपटनम पुलिस मौके पर पहुंची. जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कमरे का कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां बीरेंद्र अचेत अवस्था में पड़ा मिला. डॉक्टरों द्वारा जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इब्राहिमपटनम अस्पताल के शवगृह (मॉर्चरी) में भेज दिया है. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर मौत के असली कारणों की जांच में जुटी है.