MDU रोहतक: पीरियड्स का सबूत मांगने वाले 2 सुपरवाइज़र निलंबित
रोहतक । डेस्क: हरियाणा के महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) में महिला सफाई कर्मचारियों को पीरियड्स से जुड़े सबूत पेश करने के लिए मजबूर करने का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. आरोपों के मुताबिक, महिला कर्मचारियों से सैनिटरी पैड की तस्वीरें उच्च अधिकारियों को भेजने के लिए कहा गया.
इस घटना के बाद, तीन महिला सफाई कर्मचारियों की शिकायत पर रोहतक के पीजीआईएमएस पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है.
शिकायत में कहा गया है कि 26 अक्टूबर को जब महिला कर्मचारी खेल परिसर की सफाई कर रही थीं, तो दो पुरुष सुपरवाइज़रों ने उन पर काम जल्दी पूरा करने का दबाव डाला.
जब महिलाओं ने पीरियड्स के कारण हो रहे दर्द का हवाला दिया, तो सुपरवाइज़रों ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उच्च अधिकारियों के आदेश का हवाला देते हुए सैनिटरी पैड की तस्वीरें सबूत के तौर पर मांगने लगे.
दबाव और नौकरी खोने की धमकी के कारण, कुछ कर्मचारियों को मजबूरन शौचालय में जाकर पैड की तस्वीरें लेनी पड़ीं.
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है.
महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉक्टर कृष्णकांत गुप्ता ने बताया कि कुलपति ने घटना की निंदा की है और दुर्व्यवहार के आरोपों का सामना कर रहे दो वरिष्ठ सफाई सुपरवाइज़रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) को रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने इस घटना पर कड़ा संज्ञान लिया है और इसे "किसी महिला से उसके पीरियड्स का सबूत मांगने से अधिक अपमानजनक" बताते हुए कड़ी निंदा की है.
उन्होंने रोहतक के पुलिस अधीक्षक और विश्वविद्यालय से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. रोहतक पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अभियुक्तों के खिलाफ़ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी. (Symbolic Photo)