श्रीलंका में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 25% की भारी बढ़ोतरी
कोलंबो । डेस्क: पश्चिम एशिया में जारी भीषण युद्ध और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 'हॉर्मुज जलडमरूमध्य' के बंद होने से उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट का सीधा असर श्रीलंका पर पड़ना शुरू हो गया है. श्रीलंका सरकार ने रविवार (22 मार्च, 2026) को ईंधन की कीमतों में 25% की भारी वृद्धि कर दी है, जो पिछले दो हफ्तों के भीतर दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है.
इस नए फैसले के बाद अब देश में रेगुलर पेट्रोल की कीमत 317 रुपये से बढ़कर 398 रुपये (1.30 डॉलर) प्रति लीटर हो गई है, जबकि सार्वजनिक परिवहन के लिए अनिवार्य डीजल की कीमतों में 79 रुपये का उछाल आया है, जिससे इसकी नई दर 382 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है.
सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के अनुसार, सरकार को उम्मीद है कि कीमतों में इस वृद्धि से ईंधन की खपत में 15% से 20% तक की कमी आएगी. गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी सरकार ने कीमतों में 8% की वृद्धि की थी और बढ़ती मांग को नियंत्रित करने के लिए राशनिंग प्रणाली लागू कर दी थी.
राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष लंबा खिंच सकता है, जिससे द्वीप देश की ऊर्जा सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है.
ईंधन बचाने और ऊर्जा संकट से निपटने के लिए राष्ट्रपति ने 18 मार्च से ही देश में चार दिवसीय कार्य सप्ताह लागू कर दिया है और नियोक्ताओं को वर्क-फ्रॉम-होम दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए हैं.
वर्तमान में ईरान द्वारा हॉर्मुज जलडमरूमध्य को बंद किए जाने के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति ठप है, जिससे श्रीलंका जैसे तेल आयातक देशों के लिए स्थिति चिंताजनक हो गई है.
श्रीलंका अपनी जरूरत का पूरा कच्चा तेल और कोयला आयात करता है. सरकार ने आगाह किया है कि यदि यह युद्ध और लंबा चला, तो 2022 के आर्थिक संकट से उबरने की देश की कोशिशों को बड़ा झटका लग सकता है.