मरवाही अपहरण कांड: अगवा व्यापारी ओडिशा से बरामद
पेंन्ड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बंदूक की नोक पर हुए एक हाईप्रोफाइल अपहरण कांड का पुलिस ने महज 72 घंटों के भीतर भंडाफोड़ कर दिया है. मरवाही इलाके से अगवा किए गए 41 वर्षीय गिरीश यादव को पुलिस टीम ने पड़ोसी राज्य ओडिशा के कोरापुट से सुरक्षित छुड़ा लिया है.
इस सनसनीखेज वारदात को अंतरराज्यीय गैंग ने अंजाम दिया था, जिसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस की शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अपहृत व्यक्ति खुद गांजे के अवैध कारोबार से जुड़ा था और पैसों के पुराने विवाद के चलते ही इस पूरी वारदात की साजिश रची गई थी.
यह पूरी घटना 20 जून 2026 की सुबह करीब 11 बजे मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ़ में शुरू हुई थी. वहां रहने वाले गिरीश यादव के घर में दो अज्ञात बदमाश घुसे और पिस्तौल दिखाकर उसे जबरन एक कार में बैठाकर भाग निकले. वारदात के बाद जब बदमाशों ने पीड़ित के घर पर छूटे मोबाइल फोन पर कॉल किया, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
अपहरणकर्ताओं ने गिरीश को जिंदा छोड़ने के बदले 20 लाख रुपये की मोटी फिरौती मांगी थी और रकम न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी थी. पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर मरवाही थाना पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग और एसपी मनोज खिलारी के निर्देश पर एक स्पेशल टास्क फोर्स बनाई गई. एडिशनल एसपी अविनाश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जिला साइबर सेल और मरवाही पुलिस की संयुक्त टीमों ने तकनीकी जाल बिछाया.
पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल टावर लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल ट्रैकिंग का सहारा लेकर आरोपियों का पीछा किया. आखिरकार, पुलिस की मुस्तैदी से आरोपियों की लोकेशन ओडिशा में मिली, जिसके बाद एक अंतरराज्यीय ऑपरेशन चलाकर गिरीश यादव को सकुशल बरामद कर लिया गया.
पुलिस ने मौके से तीन शातिर बदमाशों को दबोचा है, जो अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं.
पकड़े गए आरोपियों में पुंडलिक केंद्रे (लातूर, महाराष्ट्र), चंद्रशेखर (जोधपुर, राजस्थान) और शेषपाल सिंह (फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं.
इन अपराधियों के पास से पुलिस ने एक पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस, छह स्मार्टफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो-एन गाड़ी जब्त की है. हैरान करने वाली बात यह है कि इस गाड़ी पर पुलिस की प्लेट और नीली बत्ती लगी हुई थी, जिसका इस्तेमाल ये कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए करते थे.
फिलहाल, पकड़े गए तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात में कुछ अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार चल रहे हैं.
पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया जा रहा है.