मरवाही: नकली पुलिस वाले बन व्यापारी का बंदूक की नोंक पर अपहरण
पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस की वर्दी का रौब दिखाकर दो हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़े कारोबारी का अपहरण कर लिया. मरवाही थाना क्षेत्र के उषाढ गांव में घटित इस सनसनीखेज वारदात का एक लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.
बताया जा रहा है कि आरोपी नीले रंग की कार से आए थे, जिसका आंशिक नंबर 'OD 8552' नोट किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है, लेकिन अब तक अपहरणकर्ताओं की ओर से फिरौती या किसी अन्य मांग को लेकर कोई संपर्क नहीं किया गया है.
वारदात का शिकार हुए स्थानीय कारोबारी गिरीश यादव उषाढ गांव में ही किराना, आटा चक्की और छड़-सीमेंट का बड़ा व्यवसाय संचालित करते हैं. शनिवार सुबह करीब 11 बजे जब गिरीश अपने घर के गलियारे में आराम कर रहे थे और उनका बेटा पंकज दुकान संभाल रहा था, तभी दो संदिग्ध कार सवार वहां पहुंचे. बदमाशों ने पहले तो दुकान से सिगरेट और पानी खरीदा और फिर पंकज को अपनी बातों में उलझाकर उसके पिता के संबंध में पूछताछ की.
जैसे ही पंकज अपने पिता को आवाज देने अंदर गया, दोनों आरोपी जबरन घर में घुस आए. उन्होंने सो रहे गिरीश यादव को जगाया और स्टील के रंग की पिस्तौल तानकर खुद को पुलिस अधिकारी बताया. जब कारोबारी ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने पैर में गोली मारने की धमकी दी और उन्हें घसीटते हुए कार में बिठाकर फरार हो गए.
इस वारदात के बाद जिले की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि ठीक 25 दिन पहले (26 मई को) इसी जिले के कोटमी साप्ताहिक बाजार में एक अन्य सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की भी गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी.
उस मामले में बिहार-झारखंड के शूटरों की मदद से सोने-चांदी के जेवरात लूटे गए थे, जिसका मास्टरमाइंड बिलासपुर का खुशीराम साहू निकला था. हालांकि उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया था, लेकिन इस नई घटना ने स्थानीय व्यापारियों की चिंता को दोगुना कर दिया है.
इस घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी की पत्नी दुर्गा यादव ने तुरंत मरवाही थाने में शिकायत दर्ज कराई. विभागीय तस्दीक में जब यह साफ हुआ कि उस समय कोई भी पुलिस टीम वहां नहीं भेजी गई थी, तब विभाग के आला अधिकारियों के होश उड़ गए.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है.
एडिशनल एसपी अविनाश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 3(5), 333, 351(3) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर के आधार पर अलग-अलग संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. Symbolic Photo.