शहीद भीमा मंडावी का गृह ग्राम गदापाल विकास को तरसा
दंतेवाड़ा । संवाददाता: बस्तर में 9 अप्रैल 2019 को माओवादी हमले में शहीद हुए पूर्व विधायक भीमा मंडावी का गृह ग्राम गदापाल आज बुनियादी सुविधाओं और विकास के अभाव से जूझ रहा है. दंतेवाड़ा ब्लॉक के इस गांव में दो दशक पहले बरसाती नालों पर बने पुल टूट गए थे, जिनका निर्माण आज तक नहीं हो सका है.
इसके चलते बारिश का मौसम आते ही गांव कई हिस्सों में बंट जाता है और ग्रामीणों का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय से पूरी तरह कट जाता है.
गांव की भौगोलिक स्थिति ऐसी हो गई है कि मिसोपारा, मरकामपारा, रावतपारा और पटेलपारा जैसे मोहल्ले उफनते नालों की वजह से आपस में अलग-थलग पड़ जाते हैं.
ग्रामीणों और शिक्षकों को जोखिम उठाकर नाला पार करना पड़ता है, जिससे हर समय हादसे का अंदेशा बना रहता है.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के अनुसार, आपात स्थिति या बीमारी के दौरान यह इलाका शेष दुनिया से कट जाता है. क्षेत्र के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीद विधायक के अपने ही गांव की इस अनदेखी को लेकर ग्रामीणों में शासन और प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष है.