शादीशुदा बेटी को नहीं मिलेगा मृत मां का लंबित मुआवजा दावा- HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने एम्प्लॉईज कम्पेन्सेशन एक्ट (कर्मचारी मुआवजा अधिनियम), 1923 के एक महत्वपूर्ण मामले में फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि एक विवाहित बेटी अपनी मृत मां के लंबित मुआवजा दावे को आगे नहीं बढ़ा सकती. अदालत के अनुसार, चूंकि विवाहित बेटी कानून की धारा 2(1)(द) के तहत "आश्रित" (डिपेंडेंट) की परिभाषा में नहीं आती है, इसलिए मां के निधन के साथ ही यह मामला आगे बढ़ाने का अधिकार भी समाप्त हो जाता है.
यह मामला 26 अप्रैल 2015 को एक कारखाने की बाउंड्री वॉल गिरने से हुए हादसे से जुड़ा है, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई थी. मृतक की विधवा पत्नी ने मुआवजे के लिए याचिका दायर की थी.
हालांकि, सुनवाई के दौरान ही पत्नी का निधन हो गया. इसके बाद लेबर कोर्ट ने नियोक्ता के विरोध के बावजूद मृतक की शादीशुदा बेटी को दावेदार के रूप में शामिल करते हुए 6,12,360 रुपये (10% ब्याज के साथ) का मुआवजा देने का आदेश जारी कर दिया था.
लेबर कोर्ट के इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई. मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि कर्मचारी मुआवजा अधिनियम, 1923 केवल 'अविवाहित बेटी' को ही आश्रित मानता है, विवाहित बेटी को नहीं.
अदालत ने टिप्पणी की कि यदि मां के जीवनकाल में ही मुआवजे का अंतिम आदेश जारी हो चुका होता, तो वह राशि उनकी संपत्ति का हिस्सा बनती और बेटी कानूनी वारिस के रूप में उस पर दावा कर सकती थी. लेकिन, फैसला आने से पहले ही मां का निधन होने के कारण यह अधिकार समाप्त हो गया.
हाईकोर्ट ने लेबर कोर्ट द्वारा विवाहित बेटी को याचिकाकर्ता के रूप में स्वीकार करने को गंभीर त्रुटि माना. अदालत ने नियोक्ता की अपील को स्वीकार करते हुए लेबर कोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया और मुआवजा बढ़ाने की मांग वाली बेटी की याचिका को खारिज कर दिया.