नक्सलवाद के खात्मे के लिए 31 मार्च की डेडलाइन- विजय शर्मा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने माओवादियों से 31 मार्च तक हथियार डालने की पुरजोर अपील की है. ईटीवी से बातचीत में शर्मा ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा देश से नक्सलवाद को खत्म करने के लिए तय की गई 31 मार्च की समय सीमा के बाद भी नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी रहेंगे. उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार का रुख साफ है या तो मुख्यधारा में लौटें या फिर परिणामों का सामना करने के लिए तैयार रहें.
गृहमंत्री ने बताया कि सरेंडर करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा चल रही है.
उन्होंने दावा किया कि 'लाल आतंक' का दौर अब लगभग समाप्त हो चुका है और देश में अब मुट्ठी भर नक्सली ही बचे हैं. शर्मा के अनुसार, बस्तर में सकारात्मक बदलाव दिख रहा है और सैकड़ों माओवादी जंगलों से बाहर निकलकर समाज का हिस्सा बन चुके हैं.
उन्होंने विशेष रूप से उन महिलाओं का जिक्र किया जिन्हें गुमराह कर संगठन में शामिल किया गया था, अब वे विकास की अहमियत समझ रही हैं और उनके दृष्टिकोण में बड़ा बदलाव आया है.
लोकतांत्रिक मूल्यों पर जोर देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि सरकार को किसी की विचारधारा से कोई समस्या नहीं है, क्योंकि भारतीय संविधान सभी को विचार की स्वतंत्रता देता है.
हालांकि, हिंसा और हथियार उठाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि 31 मार्च के बाद बस्तर में विकास के एक नए युग की शुरुआत होगी, जहां आर्थिक प्रगति का आधार लघु वनोपज और सरकारी विकास योजनाएं बनेंगी.