माओवादियों ने किया ग्रामीणों को रिहा
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में संदिग्ध माओवादी मंगलवार को तीन ग्रामीणों की हत्या करने के बाद दर्जनभर से ज्यादा ग्रामीणों को बंधक बनाकर अपने साथ ले गए थे.
बुधवार को उन सभी ग्रामीणों को माओवादियों ने रिहा कर दिया है. सभी ग्रामीण सुरक्षित गांव पहुंच गए हैं.
बीजापुर जिले के नक्सल प्रभावित पेद्दाकोरमा गांव में मंगलवार की देर शाम को संदिग्ध माओवादियों ने एक छात्र समेत तीन ग्रामीणों की गला घोंट कर हत्या कर दी थी.
मारे गए तीनों ग्रामीण आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी दिनेश मोडियम के रिश्तेदार झिंगू मोडियम, सोमा मोड़ियम और अनिल माड़वी थे.
इस घटना को अंजाम देने के बाद माओवादियों ने 7 अन्य ग्रामीणों के साथ मारपीट भी की. इसके बाद दर्जनभर ग्रामीणों को बंधक बनाकर अपने साथ ले गए थे.
इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है. पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. बुधवार को सभी ग्रामीण सुरक्षित वापस गांव लौटे तब परिजनों ने राहत की सांस ली.
ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार को गांव पहुंचे संदिग्ध माओवादियों में नक्सली कमांडर वेल्ला और उसकी टीम के सदस्य थे.