शहीदी सप्ताह मनाने माओवादियों ने लगाए बैनर-पोस्टर
दंतेवाड़ा | संवाददाताः माओवादियों ने 28 जुलाई से 3 अगस्त तक शहीदी सप्ताह मनाने का ऐलान किया है. इसके प्रचार-प्रसार करने के लिए माओवादियों ने जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाए हैं.
शुक्रवार को माओवादियों ने पालनार बाजार स्थल पर भी बैनर-पोस्टर लगाए. इससे बाजार में दहशत का माहौल है.
माओवादियों ने बैनर-पोस्टर में लिखा है कि महासचिव बसवा राजू, कन्हाई चटर्जी और चारू मजूमदार के बलिदान को याद करने के लिए इस बार शहीदी सप्ताह मनाया जाएगा.
लंबे समय के बाद दरभा डिवीजन के माओवादियों ने सक्रियता दिखाई है.
ज्ञात हो कि माओवादी शहीद सप्ताह के दौरान गांवों में बैठकें लेकर मृत माओवादियों की याद में शहीद स्मारक बनाते हैं और श्रद्धांजलि देते हैं.
एक सप्ताह तक चलने वाले शहीदी सप्ताह के दौरान अंदरूनी मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहती है.
हालांकि अंदरूनी इलाकों में चल रही गश्त से शहीदी सप्ताह के दौरान नक्सली स्मारक बनाने की घटनाओं में कमी आई है.