माओवादी नेता उदय और चलपति की पत्नी अरुणा मुठभेड़ में मारे गए
विशाखापटनम | डेस्क: नक्सल विरोधी अभियानों में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, ग्रेहाउंड्स फोर्स ने बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू ज़िले के मारेडुमिल्ली जंगलों में एक मुठभेड़ के दौरान वरिष्ठ माओवादी नेता गजरला रवि उर्फ उदय को मारने का दावा किया है. सीपीआई माओवादी की केंद्रीय समिति के सदस्य उदय के मारे जाने को पुलिस एक बड़ी सफलता मान कर चल रही है.
गजराला रवि उन माओवादी नेताओं में शामिल था, जिन्होंने पीपुल्स वार ग्रुप में रहते हुए, 2004-05 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के कार्यकाल के दौरान राज्य सरकार से शांति वार्ता में भाग लिया था.
इस मुठभेड़ में रवि के अलावा छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में मारे गए पोलित ब्यूरो सदस्य अप्पा राव उर्फ चलपति की पत्नी अरुणा उर्फ वेंकट चैतन्य या रवि चैतन्य भी मारी गई. अरुणा आंध्र प्रदेश ज़ोनल कमेटी की सदस्य थी.
इस मुठभेड़ में एक नक्सली अंजू भी मारा गया है.
पुलिस का दावा है कि सुरक्षा बलों ने मारेडुमिल्ली और रामपचोदावरम के बीच स्थित किंतुकुरु गांव के पास माओवादियों के एक 16-सदस्यीय दल को देखा. लगभग 25 मिनट तक चली गोलीबारी के बाद, तीन शव बरामद हुए, जिन्हें उदय, अरुणा और अंजू के रूप में पहचाना गया.
पुलिस का दावा है कि मौके से एके-47 राइफलें और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं. क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है.