माओवादियों की एमएमसी ज़ोन के प्रवक्ता अनंत ने किया समर्पण
गोंदिया | संवाददाता: सीपीआई माओवादी के एमएमसी ज़ोन के प्रवक्ता विकास नागपुरे ऊर्फ अनंत ने आज अपने 15 साथियों के साथ पुलिस के सामने हथियार डाल दिए.
आरंभिक तौर पर जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार जिन नक्सलियों ने हथियार डाले हैं, उनमें दो घायल और बीमार भी हैं.
इससे पहले 22 नवंबर को अनंत ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्रियों के नाम लिखे पत्र में हथियार छोड़ कर मुख्यधारा में आने को लेकर, अपने साथियों से चर्चा करने के लिए 15 फरवरी तक का समय मांगा था.
प्रवक्ता ने कहा था कि तीनों राज्य की सरकारें 1 जनवरी 2026 तक संयम बरतें और जोन भर में सुरक्षाबलों के अभियानों जैसे गश्त, गिरफ़्तारी और मुठभेड़ को पूरी तरह से रोक दें ताकि साथियों से संपर्क स्थापित हो सके.
लेकिन छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ने इतना समय देने से इंकार कर दिया था. जबकि मप्र और महाराष्ट्र की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी.