शुक्र, 06 नव. 2026

CGKhabar

भिवाड़ी की केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में 8 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत

C

CG Khabar

16 फ़र. 2026, 07:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 10

केमिकल-पटाखा फैक्ट्री
केमिकल-पटाखा फैक्ट्री

जयपुर | डेस्क: राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह एक केमिकल और पटाखा निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कम से कम 8 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई. हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे. एक मजदूर के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग सुबह लगभग साढ़े नौ बजे लगी. फैक्ट्री में ज्वलनशील केमिकल और पटाखों का निर्माण किया जाता था, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद धमाके जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.

विज्ञापन


सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा. एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान फैक्ट्री से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.


हादसा इतना भीषण था कि कई शव बुरी तरह झुलस गए. कुछ स्थानों पर केवल कंकाल अवशेष मिले, जबकि शरीर के अंग अलग-अलग हिस्सों में बिखरे पाए गए. राहत टीम ने सभी अवशेषों को सावधानीपूर्वक एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है.


फैक्ट्री मालिक का नाम राजेंद्र बताया गया है. प्रशासन ने इकाई के लाइसेंस, सुरक्षा प्रबंध और अग्निशमन व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए हैं.


मौके पर एडीएम सुमिता मिश्रा, एएसपी अतुल साहू, डीएसपी शिवराज सिंह, एसडीएम लाखन सिंह, तहसीलदार शैतान सिंह और खैरथल एडीएम शिवपाल जाट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.


हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में शोक का माहौल है. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता देने की बात कही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP