हरिद्वार के मंदिर में भगदड़ से 6 मरे
हरिद्वार । संवाददाता: उत्तराखंड के हरिद्वार के एक मंदिर में भगदड़ से अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है. रविवार सुबह हरिद्वार के मनसा मंदिर में भगदड़ मच गई.
इस भगदड़ में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है.
राज्य के मुख्यमंत्री धामी ने एक्स पर लिखा है, “हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है.”
“उत्तराखंड एसडीआरएफ़, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौक़े पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुये हैं. इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं.”
श्रद्धालुओं ने कहा कि रविवार के कारण सुबह से ही श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर भर गया था. घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है.
बताया जा रहा है कि करंट फैलने की अफवाह से इस घटना की आशंका है. मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है.
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, पैदल मार्ग पर बिजली का तार टूट कर गिरने से श्रद्धालुओं में मची अफरा तफरी मची है.
फिलहाल मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं से खाली कर लिया गया है. कई श्रद्धालुओं को अचेत हालत में जिला अस्पताल लाया जा रहा है.