रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

वेदांता के पावर प्लांट में विस्फोट, 9 मज़दूरों की मौत

वेदांता के पावर प्लांट में विस्फोट, कई मज़दूरों के मारे जाने की खबर

C

CG Khabar

14 अप्रै. 2026, 12:25 PM 3 मिनट में पढ़ें 12

वेदांता के पावर प्लांट में विस्फोट, कई मज़दूरों के मारे जाने की खबर
वेदांता के पावर प्लांट में विस्फोट, कई मज़दूरों के मारे जाने की खबर

सक्ति | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए एक दुर्घटना में 9 मजदूरों के मारे जाने की खबर है. इस हादसे में बड़ी संख्या में मजदूरों के घायल हुए हैं.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार की दोपहर करीब 2 बजे प्लांट के भीतर बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

विज्ञापन


हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कई मजदूरों की मौत की खबर है. हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक 9 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की गई है.


फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है.


हादसे के बाद वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता ने अपना आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा- "14 अप्रैल 2026 की दोपहर हमारे सिंघीतराई प्लांट की एक बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी. इसमें हमारे उप-ठेकेदार, एनजीएसएल (NGSL) के कर्मी शामिल थे, जो यूनिट का संचालन और रखरखाव करते हैं. हमारी तत्काल प्राथमिकता प्रभावित सभी लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार सुनिश्चित करना है. हम घायलों को पूरा सहयोग दे रहे हैं और चिकित्सा टीमों तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ निकट समन्वय बनाए हुए हैं. हम विवरण का पता लगाने की प्रक्रिया में हैं और हमारे सहयोगी तथा संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक गहन जांच शुरू कर दी गई है. इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और गहरी सहानुभूति प्रभावित परिवारों के साथ हैं."


क्या कहा मुख्यमंत्री ने


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं. वर्तमान में प्रशासन की निगरानी में तेजी से राहत कार्य संचालित किया जा रहा है और घायलों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.


उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न हो तथा आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं. साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है.


मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस दुर्घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.


मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जाए और औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए.


हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा- "शक्ति स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट की खबर अत्यंत हृदय विदारक है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस भीषण हादसे में अब तक कई श्रमिकों की असामयिक मृत्यु हो गई है और दर्जनों श्रमिकों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को संबल दें. मेरा सरकार और प्रशासन से अनुरोध है कि पीड़ितों के लिए न केवल उचित मुआवजे की व्यवस्था की जाए, बल्कि सभी घायलों के समुचित उपचार का भी प्रबंध किया जाए. मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP