बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

दुर्ग में भाजपा नेता पर चाकू से हमला करने वाला रायपुर में गिरफ्तार

C

CG Khabar

16 सित. 2026, 01:46 PM 2 मिनट में पढ़ें 17

गिरफ्तार
गिरफ्तार

रायपुर । संवाददाता: दुर्ग जिले के जोरातराई गांव में भाजपा के नेता राजेंद्र सिंह यादव पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोपी कुरपा बाग (40 वर्ष) को पुलिस ने रायपुर रेलवे स्टेशन से धर दबोचा है. वारदात के बाद आरोपी फरार होकर गुजरात के अहमदाबाद चला गया था, लेकिन वहां आश्रय न मिलने पर जैसे ही वह छत्तीसगढ़ लौटा, पुलिस ने घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया.


यह घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे घटी, जब भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव जोरातराई के एक स्थानीय होटल में चाय पी रहे थे. इसी दौरान जोरातराई के बागपारा निवासी कुरपा बाग ने पीछे से आकर अचानक उनके गले पर चाकू से हमला कर दिया. 

विज्ञापन


इस हमले में यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों में दर्ज हो गई.


हमले को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस को चकमा देने की नीयत से अपनी बाइक एम्स परिसर में छोड़कर ट्रेन पकड़कर अहमदाबाद भाग गया. वहां पहुंचकर उसने अपने एक परिचित के घर रुकने की कोशिश की, लेकिन दोस्त द्वारा फोन न उठाने के कारण उसे वापस रायपुर लौटना पड़ा. 


वापसी के दौरान उसने अपने दोस्त को फोन कर अपनी बाइक एम्स में खड़ी होने की बात बताई और उसे रायपुर स्टेशन बुलाने को कहा.


इस बातचीत का पता चलते ही आरोपी के भाई ने फौरन पुलिस को उसके अहमदाबाद से लौटने और रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने की सूचना दी. जानकारी मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम ने सबसे पहले एम्स परिसर से आरोपी की बाइक बरामद की और फिर परिजनों के साथ स्टेशन पर जाल बिछाया. जैसे ही ट्रेन रायपुर पहुंची, पुलिस ने आरोपी कुरपा बाग को चारों तरफ से घेरकर हिरासत में ले लिया. पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP