बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

जशपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की जेल

C

CG Khabar

11 अग. 2026, 02:58 AM 2 मिनट में पढ़ें 19

कोर्ट
कोर्ट

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और अपहरण के मामले में त्वरित न्याय की मिसाल सामने आई है. कुनकुरी स्थित विशेष न्यायालय (एससी/एसटी एवं पॉक्सो) ने आरोपी सन्नु चौहान उर्फ सोनू चौहान (32 वर्ष) को दोषी करार देते हुए 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. 


विशेष न्यायाधीश भानु प्रताप सिंह की अदालत ने आरोपी पर दो हजार रुपये का जुर्माना भी किया है और जुर्माना अदा न करने की स्थिति में अतिरिक्त कैद भुगतने का आदेश दिया है. अदालत के निर्देशानुसार आरोपी की सभी सजाएं एक साथ चलेंगी.

विज्ञापन


यह पूरी घटना जून 2025 की है, जब 14 वर्षीय पीड़िता अपनी छोटी बहन के साथ स्थानीय रथ मेला देखने गई थी. शाम ढलने पर जब केवल छोटी बहन घर पहुंची, तो परिजनों ने बड़ी बेटी की खोजबीन शुरू की. बाद में छोटी बहन ने डरते हुए बताया कि आरोपी सोनू चौहान उसे डरा-धमकाकर और शादी का झांसा देकर अपने साथ फुसलाकर ले गया है. 


परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 1 जुलाई 2025 को पीड़िता को आरोपी के कब्जे से सकुशल छुड़ा लिया था.


मामले की जांच तात्कालिक पुलिस अधिकारियों द्वारा तत्परता से पूरी की गई, जिसमें घटनास्थल का निरीक्षण, फोरेंसिक साक्ष्यों का संकलन और गवाहों के बयान दर्ज करना शामिल था. महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दिए गए बयानों और मजबूत वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर पुलिस ने अदालत में पुख्ता चार्जशीट दाखिल की. 


सुनवाई के दौरान लोक अभियोजक भरत राम यादव द्वारा पेश की गई मजबूत दलीलों और साक्ष्यों को स्वीकार करते हुए कोर्ट ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत दोषी पाया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP