दिल्ली पुलिस द्वारा बंग भवन के 'घेराव' पर भड़कीं ममता बनर्जी
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को दिल्ली स्थित बंग भवन में भारी पुलिस बल की तैनाती को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर तीखा प्रहार किया. सुबह जैसे ही मुख्यमंत्री को सूचना मिली कि बंग भवन को पुलिस ने घेर लिया है, वह बिना समय गंवाए सीधे घटनास्थल पर पहुंच गईं. उनके साथ अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे.
बंग भवन के बाहर से केंद्र को चुनौती देते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "सुबह से ही बंग भवन को केंद्रीय बलों और पुलिस से भर दिया गया है. कमरे-कमरे की तलाशी ली जा रही है. दिल्ली पुलिस ऐसा नहीं कर सकती, यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है."
उन्होंने तंज कसते हुए गृह मंत्री से सवाल किया कि जब वे बंगाल आते हैं तो उनके लिए रेड कार्पेट बिछाया जाता है, लेकिन बंगाल के लोग दिल्ली आएं तो क्या उनके लिए काला कार्पेट बिछाया जाएगा?
मुख्यमंत्री का आरोप है कि बंगाल में SIR के दौरान कई मौतें हुई हैं और उन मृतकों के परिजनों को दिल्ली के बंग भवन में ठहराया गया है.
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं और देश में तानाशाही सरकार चल रही है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "मुझे कमजोर समझने की कोई जरूरत नहीं है."
चाणक्यपुरी स्थित बंग भवन में पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाने के बाद मुख्यमंत्री हेली रोड स्थित दूसरे बंग भवन पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को ऊपर से मिला निर्देश बताया. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज शाम 4 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराएगा.