मालदा: न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने के आरोप में ISF नेता समेत 18 गिरफ्तार
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के विरोध में सात न्यायिक अधिकारियों को घंटों बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस घटना के करीब 24 घंटे बाद, पुलिस ने इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) के मोथाबारी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मौलाना शाहजहां अली और 17 अन्य प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत ने 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. गौरतलब है कि बुधवार को गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने तीन महिला अधिकारियों सहित सात न्यायिक अधिकारियों का घेराव कर उन्हें बंधक बना लिया था, जिन्हें बाद में सुरक्षा बलों ने कड़ी मशक्कत के बाद मुक्त कराया.
इस घटना की चिंगारी गुरुवार को राज्य के अन्य हिस्सों में भी फैल गई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा.
मालदा, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे ब्लॉक कर दिए, जिससे यातायात ठप हो गया.
मतदाताओं का आरोप है कि दशकों से मतदान कर रहे लोगों के नाम भी सूची से "गायब" कर दिए गए हैं.
मालदा जिले की सुजापुर, मोथाबारी और वैष्णवनगर जैसी सीटों पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर तनाव बना हुआ है. मौके पर मौजूद उत्तर बंगाल विकास राज्य मंत्री सबीना येसमीन ने चुनाव आयोग पर 'दोहरे मानदंड' अपनाने का आरोप लगाया है.
इस मुद्दे पर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बयानबाजी भी चरम पर है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है और इसे उनकी साजिश करार दिया है.
वहीं, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना को तृणमूल कांग्रेस द्वारा प्रायोजित बताया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि न्यायिक अधिकारियों का घेराव ममता बनर्जी के नेतृत्व में कोलकाता से योजनाबद्ध तरीके से किया गया था, जिसे स्थानीय स्तर पर सबीना येसमीन ने अंजाम दिया. राज्य में 60 लाख से अधिक मतदाताओं का भविष्य फिलहाल अधर में लटका हुआ है, जिनकी पात्रता की जांच अभी प्रक्रियाधीन है.