महतारी वंदन पर विधानसभा में हंगामा
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ विधानसभा में महतारी वंदन योजना का लाभ महिलाओं को नहीं दिए जाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ. महिला विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्य सदन से बाहर निकल आए.
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि 2023-24 में महतारी वंदन योजना के लिए द्वितीय अनुपूरक अनुदान मांग में कुल 1200.42 करोड़ का प्रावधान किया गया था. इस योजना के आरंभ से 10 फरवरी 2025 तक पात्र हितग्राहियों को 12 किश्तो में 7838.71 करोड़ का भुगतान किया गया है.
इसी तरह 2024-25 में महतारी वंदन योजना के लिए अनुदान मद में 7876.00 करोड़ बजट का प्रावधान किया गया है और फरवरी तक 694.00 करोड़ का बजट शेष है.
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वीकार किया कि इस योजना में 3971 हितग्राहियों को अब तक एक भी किश्त का भुगतान नहीं हो सका है. उन्होंने कहा कि आधार कार्ड का बैंक खाते से जुड़ाव नहीं होने, आधार असक्रिय होने, खाते पर रोक होने, खाता बंद होने या खाताधारक की मृत्यु दर्ज होने तथा अन्य तकनीकी कारणों से भुगतान नहीं हो सका है.
इसके बाद विपक्षी विधायकों ने 3971 हितग्राहियों को भुगतान नहीं दिए जाने को लेकर सवाल पूछा कि आखिर एक साल हो गए, फिर भी त्रुटियों को क्यों नहीं सुधारा गया? इसके बाद लक्ष्मी राजवाड़े ने कांग्रेस के कार्यकाल को याद दिलाने की कोशिश की, जिसके कारण सदन में हंगामा शुरु हो गया. अंततः सरकार के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस के विधायक सदन से बाहर निकल आए.