महासमुंद: ध्वजारोहण के दौरान दलित सरपंच के 'शुद्धिकरण' पर बवाल
महासमुंद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक समानता को तार-तार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. सरायपाली तहसील की किसड़ी ग्राम पंचायत में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाले निर्वाचित सरपंच नीलमणि रात्रे के साथ कथित तौर पर जातिगत भेदभाव और सार्वजनिक अपमान किया गया.
आरोप है कि ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान पूजा-अर्चना के नाम पर मंत्रोच्चार करते हुए उन पर तुलसी पानी का छिड़काव कर 'शुद्धिकरण' किया गया. पीड़ित सरपंच ने इस कृत्य को अपनी जातिगत पहचान के कारण किया गया उत्पीड़न बताते हुए पुलिस प्रशासन से एफआईआर दर्ज करने और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.
यह विवाद 15 अगस्त को आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम का है, जहां पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली शिक्षकों और विद्यार्थियों की मौजूदगी में यह घटना घटी. सरपंच नीलमणि रात्रे के अनुसार, ग्राम पंचायत सचिव पृथ्वीराज भोई और स्थानीय स्कूल के व्याख्याता किशोर रथ ने आपस में 'शुद्धिकरण' की बात की और फिर उन पर तुलसी जल छिड़का.
सरपंच का कहना है कि ग्राम पंचायत में स्वतंत्रता दिवस या किसी अन्य समारोह पर ऐसी कोई परंपरा कभी नहीं रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय से जातिगत आधार पर निशाना बनाया जा रहा है और यह घटना इसी मानसिकता का नतीजा है. इस मामले ने प्रशासनिक गलियारों और सामाजिक मंचों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरपंच ने 18 अगस्त को बलौदा थाना प्रभारी (जिला महासमुंद) को लिखित आवेदन देकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई का अनुरोध किया है.
शिकायत में पंचायत सचिव और व्याख्याता के अलावा कुछ अन्य पंचों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की गई है. शिकायतकर्ता ने घटना के डिजिटल साक्ष्य जैसे वीडियो और तस्वीरें पेन ड्राइव में सौंपते हुए प्रत्यक्षदर्शी गवाहों की सूची भी पुलिस को प्रस्तुत की है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना और आरोपी पक्ष का अधिकृत पक्ष सामने आना अभी बाकी है.
घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता संजीत बर्मन ने इसे संवैधानिक अधिकारों पर आघात बताया है. उनका कहना है कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार सामाजिक समानता और विकास के सरकारी दावों की जमीनी हकीकत उजागर करता है.
पुलिस को सौंपे गए आवेदन में शौकीलाल नायक, विजय रात्रे, केदार महापात्रा और अन्य स्थानीय नागरिकों के नाम बतौर गवाह शामिल किए गए हैं. सरपंच ने प्रशासन से आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है.