महासमुंद रोपवे हादसा: NHRC ने छत्तीसगढ़ सरकार और पुलिस को नोटिस जारी किया
नई दिल्ली । डेस्क: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुए दर्दनाक रोपवे हादसे पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने कड़ा रुख अपनाया है. आयोग ने 22 मार्च 2026 को हुई इस घटना की मीडिया रिपोर्टों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और महासमुंद के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है.
गौरतलब है कि मंदिर से दर्शन कर लौटते समय रोपवे का तार अचानक टूटने से ट्रॉली नीचे गिर गई थी, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और 16 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए.
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि मीडिया रिपोर्ट के तथ्य सही हैं, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है.
एनएचआरसी ने प्रशासन से घायलों के स्वास्थ्य की वर्तमान स्थिति और मृतक के परिजनों व घायलों को दिए गए मुआवजे का पूरा ब्यौरा मांगा है.
रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बागबाहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था, जहां से आठ गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है.