महासमुंद: अंतर्जातीय विवाह से नाराज पिता और चाचाओं ने की बेटी की हत्या
महासमुंद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नौ दिन पहले खेत में मिले एक युवती के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. यह मामला ऑनर किलिंग (साख के नाम पर हत्या) का निकला, जहां दूसरी जाति के युवक से शादी करने पर युवती के पिता और दो चाचाओं ने मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी.
पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चाचाओं की तलाश जारी है.
पुलिस के मुताबिक, बीती 17 जून को पटेवा थाना क्षेत्र के तुरेंगा गांव के एक खेत में युवती का शव मिला था, जिसके गले और शरीर पर चोट के गहरे निशान थे.
सोशल मीडिया, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मृतका की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी के रूप में हुई. बाद में उसके पति ने भी शव की शिनाख्त की.
जांच में सामने आया कि रानी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर दूसरी जाति के एक युवक से प्रेम विवाह किया था.
इस बात से नाराज पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और राजेश सिंह ने उसकी हत्या की साजिश रची. तीनों आरोपी रानी को तुरेंगा गांव के एक सुनसान खेत में ले गए, जहां धारदार हथियार से उसकी हत्या करने के बाद शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने बताया कि तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गुजरात के सूरत में छापेमारी कर मुख्य आरोपी पिता उमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर अपराध कबूल किया है.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के वक्त पहने कपड़े, मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है. आरोपी उमेश सिंह को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है.