बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

महासमुंद: 1.23 करोड़ का 246 किलो गांजा जब्त, 10 तस्कर गिरफ्तार

C

CG Khabar

22 सित. 2026, 01:33 PM 2 मिनट में पढ़ें 42

गांजा जब्त-महासमुंद
गांजा जब्त-महासमुंद

महासमुंद । संवाददाता: महासमुंद में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 246 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त गांजे की कीमत लगभग 1.23 करोड़ रुपये आंकी गई है. 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत मंगलवार को महासमुंद, सांकरा और बसना थाना क्षेत्रों में एक ही दिन में तीन अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया, जिसमें एक नाबालिग समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.


पहली कार्रवाई महासमुंद थाना क्षेत्र के घोड़ारी चेकपोस्ट के पास हुई. ओडिशा से भिलाई गांजा ले जा रही दो कारों को पुलिस ने घेराबंदी कर मुढ़ेना के पास पकड़ा. कार की तलाशी लेने पर 117.15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. इस मामले में पुलिस ने तीन पुरुषों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया. इनके पास से दो कारें, चार मोबाइल और सोने के आभूषण भी जब्त किए गए.

विज्ञापन


दूसरी कार्रवाई सांकरा थाना क्षेत्र में एनएच-53 स्थित बीजेपुर मोड़ पर हुई, जहां पुलिस टीम ने एक बलेनो कार को रोककर तलाशी ली. कार से 83.10 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया. इस मामले में मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.


तीसरी कार्रवाई बसना थाना क्षेत्र के पालसापाली में हुई, जहां ओडिशा की ओर से आ रही एक थार गाड़ी को रोककर 46 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इस खेप को ओडिशा के बलांगीर से महाराष्ट्र के नागपुर ले जा रहे थे. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सुशील कुमार नायक ने बताया कि 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत ओडिशा से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी करने वाले नेटवर्क पर पुलिस सख्त निगरानी रख रही है. तीनों मामलों में गांजे के साथ-साथ वाहन और मोबाइल मिलाकर कुल जब्ती की कीमत काफी अधिक है. पुलिस अब इस तस्करी रैकेट के मुख्य मास्टमाइंड की तलाश कर रही है और सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP