सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

महाराष्ट्र: पूर्व BJP MLA नरेंद्र पवार पर गैंगरेप की FIR

C

CG Khabar

17 सित. 2026, 07:36 PM 2 मिनट में पढ़ें 18

 नरेंद्र पवार
नरेंद्र पवार

मुंबई । डेस्क: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कल्याण पूर्व के भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक नरेंद्र पवार और एक बर्खास्त पुलिस कांस्टेबल शैलेश पाटिल के खिलाफ 22 वर्षीय महिला से बंदूक की नोक पर सामूहिक दुष्कर्म करने और उसे बंधक बनाने के गंभीर आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह कार्रवाई महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (DGP) सदानंद दाते के हस्तक्षेप और पड़घा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक पंकज गिरी द्वारा शिकायत के सत्यापन के बाद की गई है.


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने वैवाहिक विवाद को सुलझाने के संबंध में मध्यस्थता के लिए मदद मांगने पूर्व विधायक पवार के पास गई थी. 13 सितंबर को, पवार और पाटिल कथित तौर पर उसे भिवंडी के बापगांव स्थित एक फार्महाउस ले गए. 

विज्ञापन


आरोप है कि वहां पीड़िता को हथियार का भय दिखाकर जबरन शराब पिलाई गई और उसके साथ दोनों आरोपियों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया. वारदात के बाद आरोपियों का एक सहयोगी उसे उसके घर छोड़ आया.


घटना से व्यथित होकर पीड़िता ने 16 सितंबर को सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस की पूर्व नगरसेविका कांचन कुलकर्णी से संपर्क किया. पीड़िता ने उनसे अपना दर्द साझा करते हुए साक्ष्य के तौर पर व्हाट्सएप चैट और वीडियो फुटेज दिखाए. 


साक्ष्यों की समीक्षा के बाद कुलकर्णी पीड़िता को लेकर पड़घा पुलिस स्टेशन पहुंचीं, जहां भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत गैंगरेप और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया गया.


मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद नरेंद्र पवार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा और राजनीतिक साजिश करार दिया है. उन्होंने अपनी छवि और पार्टी की साख को ध्यान में रखते हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण को पत्र भेजकर पार्टी के सभी पदों से अपना इस्तीफा दे दिया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों नामजद आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP