'NCP हारी तो पैसा नहीं दूंगा'-महाराष्ट्र Deputy CM अजित पवार
महाराष्ट्र Deputy CM अजित पवार: 'NCP हारी तो पैसा नहीं दूंगा'
मुंबई । डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव में 'पैसे देकर वोट खरीदने' के आरोपों के बीच, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी (अजित गुट) के नेता अजित पवार ने अपने एक बयान से मराठा राजनीति में भूचाल ला दिया है. बारामती की मालेगांव नगर पंचायत के चुनाव प्रचार के दौरान, उन्होंने मतदाताओं को लगभग धमकी भरे लहजे में 'सचेत' करते हुए कहा कि, "आपके पास वोट देने की शक्ति है, और मेरे पास फंड. यदि आप एनसीपी उम्मीदवार को हराते हैं, तो मैं भी पैसा नहीं दूंगा."
बीजेपी नेतृत्व वाले गठबंधन सरकार के डिप्टी सीएम के इस बयान पर विपक्षी दल हमलावर हैं. विपक्ष ने तत्काल चुनाव आयोग से इस मामले की जांच की मांग की है.
मालेगांव में प्रचार करते हुए अजित पवार ने कहा था, "केंद्र और राज्य सरकार की कई परियोजनाएं हैं. प्रधानमंत्री, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री मिलकर इन पर काम कर रहे हैं. यदि परियोजनाएं सही ढंग से लागू होती हैं, तो मालेगांव का विकास सुनिश्चित होगा. मैं वादा करता हूं, अगर आप एनसीपी के सभी 18 उम्मीदवारों को चुनते हैं, तो फंड की कोई कमी नहीं होगी. और अगर हमारा उम्मीदवार हारता है, तो मैं भी पैसा नहीं दूंगा. याद रखें, आपके पास वोट देने की शक्ति है और मेरे पास पैसा है. अब आप खुद फैसला कीजिए."
हालांकि, चौतरफा दबाव के बाद रविवार को अजित पवार ने सफाई दी. उन्होंने दावा किया कि विपक्ष ने उनकी टिप्पणी को 'विकृत' किया है. उन्होंने कहा, "यह टिप्पणी विकास के दृष्टिकोण से की गई थी. विपक्ष क्या कह रहा है, यह उनका मामला है. किसी को कोई धमकी नहीं दी गई है. चुनाव प्रचार में हर जगह सब लोग तरह-तरह के वादे करते हैं, बातें करते हैं. यह एक बहुत ही सामान्य बात है."
उपमुख्यमंत्री के इस बयान की विरोधी खेमे ने कड़ी आलोचना की है. एनसीपी (शरद पवार) नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने रविवार को कहा कि, "आयोग को इस तरह की टिप्पणियों की तुरंत जांच करनी चाहिए. यह आयोग का नैतिक दायित्व है. लेकिन अब ऐसा कुछ नहीं होता. न्याय नहीं मिल रहा है."
यह पूरा मामला अब चुनाव आयोग के पाले में है, और देखना होगा कि आयोग इस 'फंड बनाम वोट' की धमकी पर क्या कार्रवाई करता है.