महाराष्ट्र: पिकनिक मनाने गए कोचिंग सेंटर के 8 छात्रों की डूबने से मौत
रायगढ़ । डेस्क: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध दिवेआगर समुद्र तट पर गुरुवार को एक दुखद हादसा हो गया. पुणे के आळंदी इलाके में स्थित 'विनर्स एकेडमी' नामक कोचिंग सेंटर से पिकनिक मनाने गए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान तन्मय दत्तात्रय वाहिले, सुमित भारत अहिरे, प्रणव रामदास बांसोडे, कैवल्य सतीश वासकर, राजवीर युवराज वाहिले, यश किरण वांगखेड़े, सोहम तुकाराम भांडवलकर और कौस्तुभ संदीप दाउंद के रूप में हुई है.
ये सभी छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा के थे और उनकी उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, कोचिंग सेंटर की ओर से कुल 48 लोग पिकनिक के लिए दिवेआगर गए थे, जिनमें 25 छात्र, 17 छात्राएं और 6 शिक्षक शामिल थे. समुद्र में स्नान के दौरान कुछ छात्र पानी की गहराई और तेज लहरों का सही अंदाजा नहीं लगा पाए और तट से काफी दूर चले गए.
जब तेज बहाव के कारण वे गायब हो गए, तब काफी देर बाद समूह के अन्य लोगों को घटना का अहसास हुआ.
स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्थानीय निवासियों ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया. देर शाम तक आठों छात्रों के शवों को बाहर निकाला गया.
उन्हें तुरंत नजदीकी बोरली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है.
इस दर्दनाक घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हृदय विदारक है, तथा स्थानीय प्रशासन को मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर आळंदी वापस लाने के निर्देश दिए गए हैं.