महाराष्ट्र: 10 मिनट देर हुई, 100 उठक-बैठक की सज़ा, छात्रा की मौत
मुंबई । डेस्क: महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई इलाके में एक निजी स्कूल की 12 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है. बाल दिवस के आस-पास घटी इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. छठी कक्षा में पढ़ने वाली अंशिका गौड़ नामक छात्रा को स्कूल पहुंचने में केवल 10 मिनट की देरी हुई थी, जिसके लिए शिक्षक ने उसे पीठ पर भारी स्कूल बैग के साथ 100 बार उठक-बैठक करने की कठोर सज़ा दी.
जानकारी के अनुसार, अंशिका और चार अन्य छात्र 8 नवंबर को स्कूल देर से पहुंचे थे. सज़ा के तुरंत बाद से ही अंशिका की पीठ और कमर में असहनीय दर्द शुरू हो गया. परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी पहले से ही अस्वस्थ थी, जिसकी जानकारी शिक्षक को थी, इसके बावजूद उसे यह अमानवीय सज़ा दी गई. तबीयत बिगड़ने पर अंशिका को पहले वसई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे मुंबई के एक बड़े अस्पताल में ले जाया गया. दुर्भाग्यवश, लगभग एक सप्ताह तक इलाज चलने के बाद शुक्रवार रात 14 नवंबर को अंशिका ने दम तोड़ दिया.
इस हृदयविदारक घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है. राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया है. मनसे कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. मनसे नेता सचिन मोरे ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक दोषी शिक्षक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक स्कूल में पठन-पाठन समेत सभी गतिविधियां बंद रहेंगी.
अंशिका के माता-पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस और शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जांच शुरू कर दी है. खंड शिक्षा अधिकारी पांडुरंग गालांगे ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही छात्रा की मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा.
वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्कूल ने देर से आने वाले छात्रों को सज़ा देने की बात स्वीकार की है, लेकिन मौत की वजह सज़ा ही है या कुछ और, इसकी पुष्टि अभी बाकी है. इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों को दी जाने वाली कठोर शारीरिक सज़ाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. (symbolic photo)