महानदी जल विवाद: ओडिशा के 4 दिवसीय दौरे पर ट्रिब्यूनल
भुवनेश्वर । डेस्क: महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण (MWDT) छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे नदी जल बंटवारे के विवाद को सुलझाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है. जस्टिस बेला एम. त्रिवेदी की अध्यक्षता में न्यायाधिकरण का 10 सदस्यीय दल 26 फरवरी से 2 मार्च तक ओडिशा के चार जिलों का दौरा करेगा.
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य महानदी बेसिन से संबंधित महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण करना है.
तय कार्यक्रम के अनुसार, ट्रिब्यूनल की टीम 26 फरवरी को नई दिल्ली से झारसुगुड़ा पहुंचेगी. अगले दिन, यह टीम हीराकुद बांध, बुर्ला पावर हाउस और चिपलिमा पावर हाउस जैसे रणनीतिक स्थलों का दौरा करेगी.
इसके साथ ही टीम देबरीगढ़ वन्यजीव अभयारण्य का भी भ्रमण करेगी. 1 मार्च को टीम पुरी के जगन्नाथ मंदिर और कोणार्क सूर्य मंदिर जैसे सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन करेगी, जबकि दौरे के अंतिम दिन 2 मार्च को चिल्का झील और इसके मुहाने का निरीक्षण किया जाएगा.
ओडिशा सरकार ने ट्रिब्यूनल के सदस्यों को 'राज्य अतिथि' का दर्जा दिया है. गृह विभाग ने झारसुगुड़ा, संबलपुर, खुर्दा और पुरी के जिला कलेक्टरों को सुरक्षा, आवास और भोजन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश जारी किए हैं.
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद यह दौरा राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है. विपक्षी दल जहां समाधान में देरी को लेकर सरकार पर हमलावर हैं, वहीं प्रशासन इस ऑन-ग्राउंड असेसमेंट को विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में एक बड़ा अवसर मान रहा है.