महानदी जल विवाद ट्रिब्यूनल: छत्तीसगढ़ को अंतर-मंत्रालयी समिति बनाने कहा
भुवनेश्वर । डेस्क: महानदी जल बंटवारे को लेकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच चल रहे लंबे विवाद में सोमवार को महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण (ट्रिब्यूनल) ने एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है. ट्रिब्यूनल ने छत्तीसगढ़ सरकार को सलाह दी है कि वह इस मामले में चर्चा और समन्वय को बेहतर बनाने के लिए एक अंतर-मंत्रालयी समिति का गठन करे.
सुनवाई के दौरान ओडिशा के महाधिवक्ता पीतांबर आचार्य ने न्यायाधिकरण को सूचित किया कि ओडिशा पहले ही इस विवाद से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए ऐसी समिति बना चुका है.
इसी आधार पर ट्रिब्यूनल ने छत्तीसगढ़ को भी समान कदम उठाने का सुझाव दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए यह भी जानकारी दी गई कि ट्रिब्यूनल का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त होने वाला है, जिसे आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है ताकि समाधान प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के जारी रह सके.
अब इस मामले की अगली सुनवाई 7 फरवरी को होगी.
गौरतलब है कि यह पूरा विवाद छत्तीसगढ़ द्वारा ऊपरी हिस्से में निर्मित परियोजनाओं के कारण ओडिशा में नदी के प्रवाह में कमी आने के आरोपों पर केंद्रित है, जिस पर दोनों राज्य अपने-अपने तकनीकी आंकड़े पेश कर रहे हैं.