महानदी जल विवाद: ओडिशा में उठी केंद्र के हस्तक्षेप की मांग
भुवनेश्वर । डेस्क: बिहार और झारखंड के बीच सोन नदी के जल बंटवारे को लेकर हुए समझौते के बाद अब ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच वर्षों से चले आ रहे महानदी जल विवाद के जल्द समाधान की उम्मीदें बढ़ गई हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुए सोन नदी समझौते को देखते हुए ओडिशा की बीजू जनता दल और महानदी बचाओ आंदोलन ने केंद्र सरकार से इसी तर्ज पर मध्यस्थता करने की अपील की है.
हाल ही में नई दिल्ली में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की मौजूदगी में मुलाकात की थी. इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री माझी ने दिवाली तक इस विवाद का समाधान निकलने का विश्वास जताया था.
बीजद प्रवक्ता लेनिन मोहंती का कहना है कि तकनीकी समितियों द्वारा कई जटिल मुद्दों को सुलझाया जाना बाकी है, जिसके लिए केंद्र सरकार या केंद्रीय मंत्री के स्तर पर सकारात्मक भूमिका की आवश्यकता है.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी ओडिशा के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में जल शक्ति मंत्रालय और केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के विशेषज्ञों को शामिल कर संयुक्त तकनीकी समिति के विस्तार का सुझाव दिया था. उनका मानना है कि एक न्यायसंगत और स्थाई समाधान के लिए स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञता बेहद जरूरी है.
वहीं दूसरी ओर, महानदी बचाओ आंदोलन ने मांग की है कि कोई भी समझौता पारदर्शी और वैज्ञानिक जल विज्ञान मूल्यांकन पर आधारित होना चाहिए. इसमें गैर-मानसून अवधि के दौरान ओडिशा की पानी की जरूरतों, पर्यावरण प्रवाह और ऊपरी बेसिन में छत्तीसगढ़ द्वारा बनाई गई परियोजनाओं के संचयी प्रभाव का विशेष ध्यान रखा जाए. जल उपलब्धता के आंकड़ों को लेकर दोनों राज्यों के अपने-अपने दावे हैं, जिन्हें दूर करने के लिए एक सर्वमान्य और वैज्ञानिक आकलन की दरकार है.