मध्यप्रदेश: भाजपा विधायक पुत्र ने 5 लोगों पर चढ़ाई SUV, दी धमकी
भोपाल । डेस्क: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पिछोर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी पर अपनी तेज रफ्तार एसयूवी (SUV) से पांच लोगों को टक्कर मारने का आरोप लगा है. गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे हुई इस घटना के दौरान दिनेश लोधी नीली बत्ती और 'विधायक' लिखी हुई गाड़ी में सायरन बजाते हुए इलाके में घूम रहा था.
चश्मदीदों के अनुसार, भीड़भाड़ वाले इलाके में लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसने पहले एक मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को टक्कर मारी और फिर दो पैदल चल रही महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे में संजय परिहार, आशीष परिहार, अंशुल परिहार, सीता वर्मा और पूजा सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब उन्होंने इस घटना का विरोध किया, तो दिनेश लोधी ने गाड़ी से उतरकर अपनी और अपने पिता की शक्ति का धौंस दिखाते हुए लोगों को धमकाना शुरू कर दिया.
वीडियो बना रहे एक व्यक्ति को भी उसने अंजाम भुगतने की चेतावनी दी और तर्क दिया कि सायरन बजने के बावजूद लोग रास्ते से क्यों नहीं हटे. मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. वहीं, विधायक प्रीतम लोधी ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कानून अपना काम करेगा और उनके लिए परिवार से ऊपर जनता का न्याय है.