मध्य प्रदेश: मां ने तीन मासूम बेटियों को जहर देकर खुद जहर पिया, तीनों बच्चियों की मौत
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक मां ने अपनी तीन मासूम बेटियों को जहर देने के बाद खुद भी जहर खा लिया. इस दर्दनाक हादसे में तीनों बच्चियों की मौत हो गई है, जबकि महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है.
पुलिस के अनुसार, यह हृदय विदारक घटना शुक्रवार देर शाम अड़वाड़ा क्षेत्र के मफीदार फलिया गांव में हुई.
मृत बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय सावित्री, 5 वर्षीय कार्तिका और 3 वर्षीय दिव्याकी के रूप में हुई है.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मां नूरीबाई ने पहले अपनी तीनों बेटियों को कीटनाशक पिलाया और उसके बाद खुद भी उसका सेवन कर लिया.
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नूरीबाई का पति पिछले एक महीने से गुजरात में मजदूरी कर रहा है और तब से घर नहीं लौटा था.
हालांकि, महिला ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के पीछे के असली कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है.