मध्यप्रदेश: कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया है. दिल्ली की एक अदालत द्वारा धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में तीन साल के कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद विधानसभा सचिवालय ने यह सख्त कदम उठाया है.
विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द करते हुए दतिया सीट को अब रिक्त घोषित कर दिया गया है.
उल्लेखनीय है कि राजेंद्र भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के कद्दावर नेता और तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को शिकस्त दी थी.
दिल्ली की विशेष अदालत ने गुरुवार को 1998 से 2011 के बीच बैंक रिकॉर्ड में हेरफेर कर अवैध ब्याज भुगतान प्राप्त करने के मामले में भारती और एक पूर्व बैंक कर्मचारी को दोषी करार दिया.
स्पेशल जज दिग्ग विनय सिंह ने दोनों दोषियों पर तीन साल की जेल के साथ 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है.
कोर्ट ने उन्हें आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल का दोषी पाया, जिसके चलते अब उन्हें अपनी विधायकी गंवानी पड़ी है.