MP में 2 लाख सरकारी नौकरियों का अवसर
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य में जल्द ही विभिन्न सरकारी विभागों में लगभग 2 लाख पद रिक्त होने जा रहे हैं, जिनके लिये नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जायेगी. इस कदम से बेरोजगारी की समस्या को कम करने में मदद करेगा. मंगलवार को मध्यप्रदेश कैबिनेट की मीटिंग हुई जिसमें 9 साल से अटके पड़े अधिकारी-कर्मचारी के प्रमोशन के लिये एक नई नीति की घोषणा की गई है. पदोन्नति की नई नीति के लागू होने के बाद रिक्त हुये पदों पर भर्ती की जायेगी.
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि ये रिक्तियां राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों में होंगी. इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, प्रशासनिक सेवाएं, ग्रामीण विकास, और अन्य तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्र शामिल हैं. खास तौर पर, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पदों को भरने की योजना है, ताकि इन सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर किया जा सके. इसके अलावा, पुलिस विभाग में भी भर्ती के माध्यम से कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने का लक्ष्य है.
सीएम यादव ने जोर देकर कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और मेरिट के आधार पर होगी. उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य है कि हर योग्य युवा को उसका हक मिले. इसके लिए सरकार एक ऐसी व्यवस्था तैयार कर रही है, जिसमें किसी भी तरह की अनियमितता की कोई गुंजाइश न हो." भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध करने के लिये सरकार जल्द ही एक विस्तृत समय-सारिणी और दिशा-निर्देश जारी करेगी. इसके साथ ही, उम्मीदवारों की सुविधा के लिये ऑनलाइन आवेदन प्रणाली को और सरल करने पर भी जोर दिया जा रहा है.
इस घोषणा ने मध्य प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं में नई उम्मीद जगाई है. खासकर उन युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है, जो लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य मध्य प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर करना है, और इसके लिये रोजगार सृजन एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा, "युवा हमारा भविष्य हैं, और उनकी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना हमारी जिम्मेदारी है. इन भर्तियों से न केवल बेरोजगारी कम होगी, बल्कि सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा."
सरकार ने संकेत दिये हैं कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अधिसूचना जल्द ही जारी की जायेगी. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइटों और सरकारी पोर्टल्स पर नजर रखें ताकि नवीनतम अपडेट्स प्राप्त हो सकें. साथ ही, मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी से बचने के लिये सभी जरूरी कदम उठाये जायेंगे.