LPG: E-KYC न कराने पर नहीं मिलेगा रियायती सिलेंडर
नई दिल्ली । डेस्क: देश में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के सब्सिडी नियमों को लेकर एक महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है. आगामी 1 अक्टूबर से उन घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को रियायती दर पर गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा, जिन्होंने अभी तक अपनी बायोमेट्रिक ई-केवाईसी (Aadhaar Authentication) की प्रक्रिया पूरी नहीं की है. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, इस कदम का मुख्य उद्देश्य सब्सिडी को केवल पात्र और वास्तविक उपभोक्ताओं तक पहुँचाना है, ताकि फर्जी और कमर्शियल इस्तेमाल के लिए होने वाली ब्लैक मार्केटिंग को रोका जा सके.
90 फीसदी उपभोक्ता करा चुके हैं प्रमाणीकरण
सरकार द्वारा पिछले कई महीनों से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अधिकांश उपभोक्ताओं ने अपनी ई-केवाईसी पूरी करा ली है. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 19 सितंबर तक देश के लगभग 89.9 प्रतिशत (27.43 करोड़) सक्रिय उपभोक्ता यह प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं. अब केवल 10.1 फीसदी उपभोक्ता ही बचे हैं. जिन उपभोक्ताओं ने अपना सत्यापन पहले ही करवा लिया है, उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है; उनकी सब्सिडी और सिलेंडरों की बुकिंग पहले की तरह सामान्य रूप से जारी रहेगी.
घर बैठे या शोरूम जाकर ऐसे पूरी करें ई-केवाईसी
जो उपभोक्ता अभी तक अपना प्रमाणीकरण नहीं करा पाए हैं, वे इसे आसानी से पूरा कर सकते हैं. इसके लिए गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी बॉय के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा सकता है. इसके अलावा, ग्राहक अपनी संबंधित एलपीजी वितरक एजेंसी (शोरूम) पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. तेल कंपनियों ने डिजिटल विकल्प भी मुहैया कराए हैं-इंडेन के ग्राहक IndianOil ONE, भारतगैस के उपभोक्ता HelloBPCL और एचपी गैस के ग्राहक HP PAY मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे ही अपनी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं.
प्रमाणीकरण न कराने पर नहीं रुकेगी एलपीजी सप्लाई
यदि कोई उपभोक्ता किसी कारणवश ई-केवाईसी कराने में असमर्थ है या इसे नहीं कराना चाहता, तो भी उसकी गैस आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी. ऐसे उपभोक्ता गैर-सब्सिडी वाली बाजार दर पर एलपीजी सिलेंडर खरीदना जारी रख सकते हैं. इसके लिए उन्हें अपनी तेल कंपनी के डिजिटल पोर्टल, मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप बॉट या आईवीआरएस के माध्यम से अपनी सहमति दर्ज करानी होगी. इस श्रेणी के तहत स्थानीय उपलब्धता के आधार पर 5 किलोग्राम या 10 किलोग्राम के सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे.
तेल कंपनियों का घाटा और सब्सिडी का बोझ
सरकार ने सब्सिडी के लक्षित वितरण को अनिवार्य बनाने के पीछे तेल विपणन कंपनियों (OMCs) पर बढ़ते वित्तीय बोझ का हवाला दिया है. अगस्त 2026 तक सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों का घरेलू एलपीजी पर बकाया अंडर-रिकवरी घाटा 62,000 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है. हालांकि, सरकार ने चालू और अगले वित्तीय वर्ष (2025-26 और 2026-27) के दौरान तेल कंपनियों को 30,000 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की व्यवस्था की है, ताकि आम जनता पर महंगाई का अत्यधिक असर न पड़े.