बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

RTE प्रतिपूर्ति में देरी के विरोध में निजी स्कूलों में 18 अप्रैल को तालाबंदी

C

CG Khabar

16 अप्रै. 2026, 02:09 PM 2 मिनट में पढ़ें 30

ताला बंद
ताला बंद

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के निजी स्कूल संचालकों ने शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि में लंबे समय से लंबित संशोधनों और भुगतान में हो रही देरी को लेकर अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है. छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि आगामी 18 अप्रैल को प्रदेश भर के सभी निजी शिक्षण संस्थान बंद रखे जाएंगे. 


इस बड़े आंदोलन की रूपरेखा के तहत 17 अप्रैल को सभी शिक्षक और स्कूल प्रबंधन के सदस्य अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित किए बिना सरकार तक अपना संदेश पहुँचाया जा सके.

विज्ञापन


एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता और सचिव मोती जैन का कहना है कि साल 2011 से RTE प्रतिपूर्ति की दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है, जबकि पिछले 15 वर्षों में परिचालन लागत, शिक्षकों के वेतन और बुनियादी ढांचे के खर्च में भारी बढ़ोतरी हुई है. 


अपनी मांगों को लेकर स्कूल संचालकों ने पहले ही असहयोग आंदोलन शुरू कर दिया है, जिसके तहत मार्च से ही RTE लॉटरी प्रणाली के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों का प्रवेश रोक दिया गया है.


निजी स्कूलों की मुख्य मांग है कि सरकार सरकारी स्कूलों में प्रति छात्र होने वाले वास्तविक खर्च के आंकड़े सार्वजनिक करे, ताकि उसी आधार पर निजी स्कूलों को दी जाने वाली राशि का निष्पक्ष निर्धारण हो सके. 


शिक्षा मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि सरकार जल्द ही आर्थिक सहायता और नीतियों में बदलाव को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाती, तो यह आंदोलन आने वाले दिनों में और भी उग्र रूप ले सकता है. इस हड़ताल से राज्य के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल है, क्योंकि शैक्षणिक सत्र के बीच में स्कूलों की तालाबंदी से पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP