कोरबा में लिव-इन पार्टनर की हत्या: आरोपी अंबिकापुर से गिरफ्तार
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर उसके शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में छिपाने वाले आरोपी को पुलिस ने अंबिकापुर से धर दबोचा. आरोपी की पहचान मनोज के रूप में हुई है, जो पिछले दो सालों से मृतक महिला संतोषी के साथ श्यांग थाना क्षेत्र में रह रहा था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस पूरी खौफनाक घटना का खुलासा रक्षाबंधन के त्यौहार के दौरान हुआ. जब संतोषी अपने मायके नहीं पहुंची, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. भाइयों द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी मनोज ने गुमराह करते हुए कहा कि वह दो दिन पहले ही घर के लिए निकल चुकी है.
जब काफी दिनों तक संतोषी का कोई सुराग नहीं मिला, तो 19 सितंबर को परिजन मनोज के घर पहुंचे. वहां ताला लटका था और पीछे बने सेप्टिक टैंक से उठती तीखी बदबू तथा आधा खुला ढक्कन देखकर परिजनों ने तुरंत श्यांग पुलिस को सूचना दी.
पुलिस टीम ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब सेप्टिक टैंक को खुलवाया, तो अंदर से संतोषी की सड़ी-गली लाश बरामद हुई. इसके बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई. सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस की एक टीम अंबिकापुर पहुंची और फरार आरोपी मनोज को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच शराब की लत और अक्सर घर से बाहर रहने को लेकर विवाद होता रहता था. घटना वाले दिन भी इसी बात पर कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने डंडे से संतोषी की बेरहमी से पिटाई कर दी.
मारपीट के बाद आरोपी खाना बनाने चला गया, लेकिन जब उसने देखा कि संतोषी के शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही है और उसकी मौत हो चुकी है, तो उसने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को सेप्टिक टैंक में डालकर घर में ताला लगाया और फरार हो गया. Follow Up Story.