ED ने चैतन्य बघेल की ₹61.20 CR की संपत्ति अटैच की
रायपुर । संवाददाता: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ के बहु-करोड़ शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में बड़ी कार्रवाई की है. ED ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ₹61.20 करोड़ की संपत्ति को अस्थाई रूप से जब्त (अटैच) कर लिया है.
यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई है. जब्त की गई संपत्तियों में ₹59.96 करोड़ मूल्य के 364 रिहायशी प्लॉट और कृषि भूमि शामिल हैं, साथ ही ₹1.24 करोड़ के बैंक बैलेंस और फिक्स्ड डिपॉजिट भी हैं.
ED के अधिकारियों के अनुसार, चैतन्य बघेल इस घोटाले के सिंडिकेट में मुख्य कर्ता-धर्ता थे. उन पर अवैध तरीके से जमा किए गए पैसों (Proceeds of Crime - POC) के हिसाब-किताब की देखरेख करने और इसके वितरण संबंधी बड़े फैसले लेने का आरोप है.
जांच में पता चला है कि बघेल ने शराब घोटाले से मिले पैसों को अपनी रियल एस्टेट कंपनी 'मेसर्स बघेल डेवलपर्स' के प्रोजेक्ट 'विट्ठल ग्रीन' में लगाया, ताकि यह पैसा जायज संपत्ति लगे.
इस घोटाले से राज्य सरकार के खजाने को भारी नुकसान हुआ, जबकि लाभार्थियों ने ₹2,500 करोड़ से अधिक की अवैध कमाई की.
चैतन्य बघेल को ED ने 18 जुलाई 2025 को गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. इस नई कुर्की के साथ, ED अब तक लगभग ₹276 करोड़ (पहले जब्त की गई ₹215 करोड़ की अचल संपत्ति सहित) की संपत्ति अटैच कर चुकी है.
इस मामले में पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा, अरविंद सिंह, अनवर ढेबर, अरुण पति त्रिपाठी (ITS) और तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा समेत कई बड़े नाम पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं. ED ने साफ किया है कि जांच जारी है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी.