मरवाही के सेमरदर्री में तेंदुए का आतंक, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
पेन्ड्रा । संवाददाता: मरवाही वन क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की बढ़ती आवाजाही ने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है. सेमरदर्री गांव से सटे बिलाईडांड़ क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए का भयानक रूप देखने को मिला, जहां वह किसान अमरसिंह गोंड़ के घर के बाहर बंधे एक महीने के मासूम बछड़े को शिकार बनाकर जंगल की ओर खींच ले गया.
घटना की अगली सुबह झण्डीडोंगरी पहाड़ी के निकट बछड़े का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ.
सूचना मिलते ही वन विभाग का दल घटनास्थल पर पहुंचा और घटना का जायजा लेते हुए पंचनामा तैयार किया. पीड़ित पशुपालक को आर्थिक राहत दिलाने के लिए मुआवजा प्रकरण दर्ज कर लिया गया है.
गौरतलब है कि क्षेत्र में मवेशियों पर तेंदुए के हमले का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी बगैहाटोला में राधा बाई की दो बकरियों को तेंदुए ने अपना निवाला बनाया था, जबकि धौराडांड़ के जंगलों में केवला यादव की गाय और बछड़े पर हुए हमले में घायल गाय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था.
लगातार हो रही इन घटनाओं से सीमावर्ती गांवों में दहशत का माहौल है. वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) कुमार निशांत के अनुसार, मरवाही के जंगलों में तेंदुओं की निरंतर मौजूदगी बनी हुई है, जिसके चलते वे भोजन की तलाश में रिहायशी बस्तियों का रुख कर रहे हैं.
वन विभाग की टीमें वन्यजीव की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही हैं. सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने और जंगलों की ओर न जाने की हिदायत दी गई है. वहीं, बार-बार हो रहे हमलों से आक्रोशित ग्रामीणों और पूर्व जनप्रतिनिधियों ने वन प्रशासन से गश्त बढ़ाने तथा सभी प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की है.