मुंगेली के लोरमी वन परिक्षेत्र में मृत मिला तेंदुआ
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में लोरमी वन परिक्षेत्र के जंगलों में एक तेंदुआ मृत पाया गया है. वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि दो बड़े वन्यजीवों के बीच अपनी सीमा को लेकर हुई हिंसक आपसी भिड़ंत में इस तेंदुए की जान गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम की है जब कंचनपुर बैरियर से महज 200 मीटर दूर आरक्षित वन क्षेत्र के कंचनपुर बीट में तेंदुए का शव देखा गया. बैरियर पर तैनात चौकीदार की नजर सबसे पहले इस मृत तेंदुए पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत वन विभाग के आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी.
खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित करते हुए रातभर शव की निगरानी की गई.
स्थानीय ग्रामीणों ने वन अधिकारियों को बताया कि शव मिलने से कुछ समय पहले उन्होंने जंगल से दो तेंदुओं के दहाड़ने और आपस में बुरी तरह लड़ने की आवाजें सुनी थीं.
वन विभाग का मानना है कि इस आपसी जंग में दूसरा तेंदुआ भी गंभीर रूप से घायल हुआ होगा, जो संघर्ष के बाद जंगल के भीतर गहरे इलाकों में चला गया है.
लापता और घायल तेंदुए का पता लगाने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
डिप्टी रेंजर दशंश सूर्यवंशी ने मीडिया को बताया कि ग्रामीणों ने दो तेंदुओं के बीच भीषण लड़ाई की बात कही है. हालांकि, मौत की असली और सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तेंदुए के शव को वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम के लिए कानन पेंडारी भेजा जा रहा है, जिससे यह पूरी तरह स्पष्ट हो सके कि तेंदुए की मौत आपसी संघर्ष के कारण हुई है या इसके पीछे कोई और वजह है.