किले से लगाई छलांग: दो बच्चों समेत नेशनल रेसलर अश्विनी पोल की मौत
मुंबई । डेस्क: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में नेशनल लेवल की पूर्व पहलवान अश्विनी पोल (30) ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ ऐतिहासिक नलदुर्ग किले की 100 फीट गहरी खाई में छलांग लगा दी. इस दर्दनाक हादसे में अश्विनी और उनके छह वर्षीय बेटे अजिंक्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय जुड़वां बेटियों में से एक क्रांति ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया.
दूसरी बेटी वीरा की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही है.
नारदमुनि किले के उपली बुर्ज पर घटी इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राष्ट्रीय स्तर पर पांच स्वर्ण और छह रजत पदक जीत चुकीं इस प्रतिभाशाली एथलीट को लगातार दहेज और जुड़वां बेटियों को जन्म देने के कारण मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था.
पीड़ित पहलवान के पिता तानाजी शिवाजी मोहिते की शिकायत पर धाराशिव पुलिस ने मृतका के पति और ससुराल वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 (दहेज हत्या), 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 85 (पति या रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है.