धर्मांतरित महिला का अंतिम संस्कार ‘घर वापसी’ के बाद संपन्न हुआ
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक धर्मांतरित महिला के अंतिम संस्कार को लेकर दो पक्षों के बीच तीखी बहस और भारी विवाद हो गया. मामला छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मटपल्ली गांव (जानकुपुरा) का है, जहां शनिवार देर रात तक ग्रामीणों के बीच गतिरोध बना रहा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले को शांत कराया.
पखांजूर के अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुर्रे ने बताया कि मृतक महिला, जानकूबाई ने लगभग पांच साल पहले धर्म परिवर्तन कर लिया था. शनिवार रात करीब 9 बजे उनकी मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार (दफ़नाए जाने) की प्रक्रिया को लेकर गांव के दो समुदायों के बीच विवाद खड़ा हो गया. यह गतिरोध करीब 24 घंटे तक चलता रहा.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों की मौजूदगी में बातचीत के बाद, जब मृतका का परिवार अपने मूल धर्म में लौटने (घर वापसी) और समाज के साथ रहने पर सहमत हुआ, तब जाकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार महिला का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया.
पुलिस प्रशासन ने गांव के सभी वर्गों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है.
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी इलाकों में धर्मांतरण और अंतिम संस्कार को लेकर विवाद का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले 10 सितंबर को धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के एक जंगल बहुल गांव में भी एक महिला के शवदाह को लेकर ग्रामीणों और समुदाय के लोगों के बीच तीखा विरोध देखने को मिला था, जहां घंटों चली बैठक के बाद मामला शांत हुआ था.