कुवैत: पावर प्लांट पर ईरान का हमला, भारतीय नागरिक की मौत
कुवैत सिटी । डेस्क: खाड़ी क्षेत्र में गहराते युद्ध के बीच कुवैत के एक बिजली संयंत्र पर ईरानी हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई है. कुवैत के बिजली मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा अब्बास जौहर हयात ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि ईरानी आक्रामकता के कारण संयंत्र की एक सर्विस बिल्डिंग को भारी नुकसान पहुँचा है.
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष काफी तीव्र हो गया है और रविवार को तेहरान सहित ईरान के कई हिस्सों में हवाई हमलों के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई.
ईरान में आए इस संकट के बीच ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबफ ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका एक तरफ बातचीत का संदेश भेज रहा है और दूसरी तरफ जमीनी हमले की योजना बना रहा है.
गालिबफ ने कहा कि अगर अमेरिकी सैनिक जमीन पर उतरते हैं, तो उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा.
वहीं, इस युद्ध का असर इजरायल के बजट पर भी दिख रहा है, जहां रक्षा बजट में 10 अरब डॉलर की भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे कुल सैन्य खर्च 45 अरब डॉलर के पार पहुँच सकता है.
पाकिस्तान ने इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की पेशकश की है, ताकि एक महीने से जारी इस भीषण युद्ध को रोका जा सके. होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने की धमकियों और ऊर्जा केंद्रों पर हमलों ने वैश्विक अर्थव्यवस्था और तेल आपूर्ति को लेकर भारी चिंता पैदा कर दी है. Symbolic Photo